48 घंटे के भीतर चोरी का आरोपी गिरफ्तार

सांकरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी की पूरी 2.30 लाख रुपये नगद राशि बरामद
महासमुंद। सांकरा पुलिस ने घर में हुई चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई पूरी 2 लाख 30 हजार रुपये की नगद राशि शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी देवेंद्र जोशी ने 18 मई 2026 को थाना सांकरा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मई की रात अज्ञात चोर ने उनके घर में रखी पेटी से 2 लाख 30 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। उक्त रकम अटल आवास, केसीसी लोन तथा धान बिक्री से प्राप्त राशि थी, जिसे मकान निर्माण के लिए सुरक्षित रखा गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांकरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए), 331(4) के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर टीम को सक्रिय करते हुए संदिग्धों की लगातार तलाश की।
जांच के दौरान पुलिस की निगाह सावित्रीपुर निवासी शिशुपाल धुवल (42) पर गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर उसने 16 मई की रात चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने चोरी की पूरी रकम घर में छिपाकर रखी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।