एफसीआई में चावल जमा करने की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज

राइस मिलर्स को लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र चावल जमा करने के निर्देश, लंबे समय से जमा नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के राइस मिलर्स की बैठक लेकर एफसीआई एवं नॉन में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र चावल जमा करने के निर्देश दिए। बैठक में धान उपार्जन एवं चावल जमा की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और राइस मिलर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर श्री लंगेह ने समीक्षा के दौरान बताया कि एफसीआई में अब तक केवल 19 हजार मीट्रिक टन चावल ही जमा किया गया है, जबकि जिले के लिए लगभग 5 लाख मीट्रिक टन चावल जमा करने का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रतिमाह लगभग 50 हजार मीट्रिक टन चावल जमा किया जाना आवश्यक है, लेकिन वर्तमान प्रगति बेहद धीमी है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी राइस मिलर्स को चावल जमा करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राइस मिलर्स का भौतिक सत्यापन किया जाए। साथ ही जिन मिलर्स द्वारा 50 दिनों से अधिक समय से चावल जमा नहीं किया गया है, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नॉन में भी न्यूनतम 200 मीट्रिक टन चावल जमा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में वर्ष 2024-25 के उन राइस मिलर्स की भी समीक्षा की गई, जिन्होंने अब तक चावल जमा नहीं किया है। कलेक्टर ने ऐसे मिलर्स के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। अंतरजिला परिवहन एवं समन्वय संबंधी समस्याओं पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि संबंधित जिलों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा, ताकि चावल जमा करने की प्रक्रिया प्रभावित न हो।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने राइस मिलर्स से सूखाग्रस्त ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने एवं जल संरक्षण तथा जल संचयन संबंधी गतिविधियों में सहयोग करने की अपील भी की। इस पर राइस मिलर्स ने सक्रिय सहभागिता निभाने का भरोसा दिलाया। बैठक में अपर कलेक्टर रवि साहू, नॉन, जिला विपणन अधिकारी, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं जिले के राइस मिलर्स उपस्थित रहे।