स्मार्ट मीटर और मोर बिजली ऐप से मिली पारदर्शिता

ग्राम ओरमा में ग्रामीणों ने घटे हुए बिजली बिल पर साझा किए अपने अनुभव
बालोद, 08 अगस्त 2026/ जिले के ग्राम पंचायत ओरमा में स्मार्ट मीटर लगने से ग्रामीणों के जीवन में एक साकारात्मक बदलाव आया है। स्मार्ट मीटर और मोर बिजली ऐप के उपयोग से न केवल बिजली की खपत में पारदर्शिता आई है, बल्कि ग्रामीण अब अपने मासिक बिजली बिल में भी भारी बचत कर रहे हैं। ग्राम पंचायत ओरमा की सरपंच श्रीमती मंजूलता साहू ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले बिजली खपत और बिल का सही आंकलन करना बेहद मुश्किल था। लेकिन स्मार्ट मीटर लगने से अब सब आसान हो गया है। स्मार्ट मीटर और मोर बिजली एप्प के उपयोग से अब उन्हें प्रतिदिन अपने घर में बिजली के खपत की जानकारी मिल जाती है, जिसके अनुरूप वे अपने घर में बिजली से चलने वाले उपकरणों का उपयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से उनके घर का बिल करीब 1200 रुपये आया था। मोर बिजली ऐप से रोजाना खपत की जानकारी मिलने के बाद हमने बिजली का सीमित उपयोग शुरू किया, जिससे पिछले महीने बिल घटकर महज 600 रुपये रह गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के पश्चात सभी को मोर बिजली एप्प का उपयोग करना चाहिए, इससे हमें अपने घर में उर्जा के बेहतर उपयोग हेतु आवश्यक जानकारी मिल जाती है, जिससे हम अपने बिजली बिल में कमी ला सकते हैं।
ग्राम ओरमा के किसान नंदकुमार साहू ने बताया कि उनके दुकान और घर में स्मार्ट मीटर लगा है। जिसमें प्रतिदिन हो रही खपत को वे मोर बिजली एप्प के माध्यम से अपने मोबाइल में देख पाते है। इस एप्प के माध्यम से ही वे अपने घर में बिजली का समुचित उपयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में कुलर और पंखा सहित अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बिजली का बिल अधिक आया था, किन्तु विगत माह उपकरणों के समुचित उपयोग से बिजली के बिल में कमी आई है। उन्होंने बताया कि अब बिजली बिल के भुगतान हेतु भी कहीं जाना नहीं पड़ता है, मोर बिजली एप्प के माध्यम से आसानी से बिजली बिल का भुगतान हो जाता है। ग्राम ओरमा की कमलेश्वरी साहू और पेमिन साहू ने भी बताया कि उनके घर में स्मार्ट मीटर लगा है, जिससे बिजली के खपत और उसके उपयोग में पारदर्शिता आई है, विगत माह में बिजली का खपत कम होने पर बिजली बिल भी काफी कम आया है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण है स्मार्ट मीटर के माध्यम से मोर बिजली ऐप का उपयोग, जिसमें प्रतिदिन के खपत और पूर्वानुमान की जानकारी मिलने से दैनिक जीवन में बिजली की बचत करना आसान हो गया है। ग्राम ओरमा के निवासियों के लिए स्मार्ट मीटर और मोर बिजली ऐप की यह जोड़ी काफी सुविधाजनक और किफायती साबित हो रही है।