जिले में खरीफ सीजन में उर्वरक वितरण प्रारंभ

पहले दिन 587 किसानों को 206.9 टन खाद वितरित
मोहला 12 मई 2026। खरीफ मौसम 2026-27 की तैयारी के तहत जिले में रासायनिक उर्वरकों के वितरण प्रारंभ कर दी गई है। शासन के निर्देशानुसार अब किसानों को उनकी भूमि धारिता एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा अनुशंसित मात्रा के आधार पर ही उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। उर्वरकों का वितरण केवल पीओएस मशीन के माध्यम से किया जा रहा है तथा समस्त जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा रही है।
नोडल अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. राजनांदगांव से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में 12 मई से समितियों के माध्यम से उर्वरक वितरण शुरू किया गया है। पहले ही दिन जिले की 15 सहकारी समितियों के माध्यम से 587 किसानों को कुल 206.9 टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है। नई व्यवस्था लागू होने से किसानों को उनकी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराना संभव होगा। इसके साथ ही अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं अनियमित वितरण जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी सहायता मिलेगी।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए चौपाल कार्यक्रमों एवं विकसित कृषि संकल्प अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर जानकारी दी जा रही है। जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता अनुसार संबंधित सहकारी समितियों से समय पर खाद का उठाव करें तथा पीओएस मशीन के माध्यम से ही उर्वरक प्राप्त करें। कृषि विभाग ने किसानों से संतुलित एवं अनुशंसित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की भी अपील की है, ताकि उत्पादन में वृद्धि के साथ भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहे।