महासमुंद में जनगणना 2027 का कार्य तेज़, 20 मई तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश
अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी ने बसना और सरायपाली क्षेत्रों का किया निरीक्षण
महासमुंद। जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी सचिन भुतड़ा द्वारा जिले के विभिन्न चार्ज क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एवं नगरीय बसना तथा सरायपाली क्षेत्रों के सुपरवाइजर्स की बैठक लेकर जनगणना कार्य की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि प्रगणकों के माध्यम से सही एवं गुणवत्तापूर्ण जानकारी संकलित करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को 20 मई 2026 तक जनगणना कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मनोज कुमार महिलांगे, मनोज कुमार खाण्डे सहित संबंधित तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका और नगर पंचायत अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में 1992 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारित
उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 1992 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सभी ब्लॉकों में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अब तक 355 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
ग्रामीण क्षेत्रों में पिथौरा तहसील चार्ज के 187 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य सर्वाधिक पूर्ण हुआ है। वहीं नगरीय क्षेत्र में पिथौरा नगर पंचायत के 15 में से 14 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
