अग्निवीर भर्ती : लिखित परीक्षा हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का होगा आयोजन
रायपुर, 21 अप्रैल 2026। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जिले में निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। यह प्रशिक्षण जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा प्रदान किया जाएगा। लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु विषय विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी। यह प्रशिक्षण 04 मई से प्रारंभ होकर 04 जून 2026 तक संचालित होगा।
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थी। जिसमें 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक के न्यूनतम 8वी से स्नातक/डिप्लोमा उत्तीर्ण योग्य आवेदकों द्वारा अपना आवेदन भारतीय सेना के वेबपोर्टलं www.joinindianarmy.com पर अग्निवीर कैटेगरी (अग्निवीर पुरुष जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक अथवा स्टोर कीपर, ट्रेडमैन 10वीं/8वीं, अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) तथा स्थायी कैडर (नर्सिंग सहायक अथवा सिपाही फार्मा, हवलदार सेना शिक्षक तथा धर्म शिक्षक) के लिए ऑनलाईन आवेदन किये गये थे।
प्रशिक्षण का आयोजन जिला एवं विकासखंड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से किया जा सकता है। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार विभाग के आधिकारिक वेबपोर्टल erojgar.cg.gov.in पर 30 अप्रैल 2026 तक अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आवेदक रोजगार कार्यालय, रायपुर अथवा कार्यालय के दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।
