बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिजेरियन ऑपरेशन प्रारंभ
महासमुंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बसना में सिजेरियन (ऑपरेशन द्वारा) प्रसव सुविधा की सफल शुरूआत के साथ ही क्षेत्र ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। अब जटिल और आपातकालीन प्रसव की स्थिति में महिलाओं को महासमुंद, रायपुर या अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों की ओर जाना नहीं पड़ेगा।
यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की गर्भवती महिलाओं के लिए राहत और भरोसे की नई किरण बनकर उभरी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का समन्वित प्रयास रहा। सुविधा के तहत पहला सफल सिजेरियन प्रसव ग्राम भूकेल निवासी 27 वर्षीया गंगा पटेल का किया गया। 20 मार्च की दोपहर 2.08 बजे सुरक्षित आॅपरेशन के माध्यम से शिशु का जन्म हुआ, जिसका वजन 3.410 किलो है। वर्तमान में मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और चिकित्सकों की निगरानी में हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा बसना में सिजेरियन प्रसव सुविधा की शुरूआत क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे ग्रामीण महिलाओं को समय पर सुरक्षित उपचार मिलेगा और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने कहा इस सुविधा से जटिल प्रसव मामलों में त्वरित उपचार संभव होगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। हमारा लक्ष्य है कि दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को भी स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिले।
