हिंदू नववर्ष पर विशाल और मनमोहक रंगोली रही आकर्षण का केंद्र

महासमुंद। हिंदू नववर्ष के अवसर पर स्वान यूथ क्लब द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह ने पूरे शहर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 3000 स्क्वायर फीट में बनी विशाल और मनमोहक रंगोली रही, जिसमें हिंदू नववर्ष और छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य आकृति को अत्यंत कलात्मक ढंग से उकेरा गया।
इस कलाकृति के मुख्य कलाकार दीपक साहू रहे, जबकि टीम का नेतृत्व ज्योत्सना शर्मा ने किया। रंगोली निर्माण में भूप्रिया, ज्योतिका, लुबिना, रोहिणी, निहारिका, श्रेया, अनन्या, भविष्य, सोहन साहू, हिमांशु साहू और अन्य युवाओं का योगदान रहा। मिनी स्टेडियम में सजी इस रंगोली को देखने बड़ी संख्या में लोग उमड़े। वहीं भक्ति संध्या के दौरान श्री हनुमान चालीसा पाठ और मधुर भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। संकट मोचन श्री हनुमान मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जहां दीपों से सीता-राम की अलौकिक आकृति प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने स्वयं प्रसाद वितरण में भाग लिया और आयोजन की भव्यता की सराहना की। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वान यूथ क्लब के अध्यक्ष निलेश कुमार तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने का माध्यम हैं, और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।