जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत के लिए सौंपा ज्ञापन
महासमुंद। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी जितेंद्र चंद्राकर ने क्षेत्र के विद्यालयों की बदहाल स्थिति को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था के बुनियादी ढांचे में सुधार की पुरजोर मांग की है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने क्षेत्र के शासकीय स्कूलों का सघन दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि क्षेत्र के अनेक विद्यालय भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं, जिससे वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और कार्यरत शिक्षकों की सुरक्षा पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है। उपाध्यक्ष ने बताया कि कई स्थानों पर शौचालय न केवल जर्जर हैं बल्कि उपयोग के लायक भी नहीं रह गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे गए पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण का होना भी अनिवार्य है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि जर्जर भवनों का तत्काल तकनीकी आंकलन कराया जाए और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य हेतु बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
