राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रतिनिधिमण्डल ने जिले में संचालित गतिविधियों का किया अवलोकन
कोण्डागांव, 19 मार्च 2026/ राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी), केंद्रीय रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली के 16 सदस्यीय अधिकारियों के प्रतिनिधिमण्डल ने आज जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमण्डल में सेना, सिविल सेवा तथा मित्र देशों के अधिकारी शामिल थे, जो राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन के अंतर्गत अध्ययन भ्रमण पर पहुंचे थे।कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने प्रतिनिधिमण्डल को जिले की भौगोलिक एवं प्राकृतिक संरचना, निर्माण कार्यों तथा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ‘पूना मारगेम’ के तहत संचालित पुनर्वास केन्द्र में पुनर्वासित व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
प्रतिनिधिमण्डल ने जिला मुख्यालय स्थित शबरी एंपोरियम का भ्रमण कर स्थानीय शिल्पकारों द्वारा बनाए गए कलाकृतियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही ‘मोर स्वाद-दीदी की रसोई’ में मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों को देखा और पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद भी चखे। इसके पश्चात दल ने कोण्डानार गारमेंट फैक्ट्री का निरीक्षण किया, जहां महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों को देखकर प्रतिनिधिमण्डल ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।प्रतिनिधिमण्डल ने फरसगांव विकासखण्ड के ग्राम जुगानी कलार में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से लाभान्वित मत्स्य पालक के कार्यों का अवलोकन किया तथा मत्स्य बीज उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। प्रतिनिमंडल के सभी सदस्यों को जिला प्रशासन की ओर से साल श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट की गई।
इस अवसर पर एसडीएम कोण्डागांव अजय उरांव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, एसडीएम फरसगांव अश्वन पुसाम, डीएसपी सतीश भार्गव एवं अभिनव उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
