अधिकारी- कर्मचारी फेडरेशन ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 8;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 44;
महासमुंद। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के प्रति गहरा आक्रोश जताते हुए बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भोजनोपरांत अवकाश के दौरान कलेक्टोरेट पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर मनोज खांडे ने ज्ञापन प्राप्त किया।
जिला संयोजक टेकराम सेन ने कहा कि जुलाई 2025 से अब तक कर्मचारी-अधिकारी चार चरणों में ज्ञापन, धरना और प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे प्रदेश के लगभग 5 लाख कर्मचारियों में निराशा और असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता (डीए) एरियर्स को जीपीएफ खाते में समायोजित किया जाए, मध्यप्रदेश की तर्ज पर चार स्तरीय पदोन्नति दी जाए, 300 दिन का अवकाश नगदीकरण लागू हो, पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा शिक्षकों की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से की जाए। इसके अलावा सहायक शिक्षकों एवं पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतन देने सहित अन्य मांगें भी लंबे समय से लंबित हैं। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पिछले एक वर्ष से लगातार आंदोलनरत कर्मचारियों ने सरकार पर उनकी जायज मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया। राजपत्रित अधिकारी संघ के अरुण कुमार प्रधान ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण करे, ताकि विकास कार्यों में कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहयोग दे सकें। महामंत्री दिलीप तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि 11 सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रांतीय स्तर पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इस दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने ‘हल्ला बोल’ के नारों के साथ कलेक्टोरेट तक रैली निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में टेकराम सेन, उमेश भारती गोस्वामी, डॉ. रामकुमार चंद्राकर, एस.पी. ध्रुव, अरुण कुमार प्रधान, दिलीप तिवारी, राकेश थवाईत, राजेश चंद्राकर, दीपक तिवारी, ईश्वर चंद्राकर, एम.एल. ध्रुव, भागवत जगत, भगोलीराम साहू, डी. बसंत साव, उमेश साहू, मुकेश साहू, सुनील साहू, एम.डी. वर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित थे।
