अज्ञात वाहन के चपेट में आने से मंडी उपनिरीक्षक की मौत, एक गंभीर

महासमुंद। खरोरा- साराडीह मोड़ पर बुधवार शाम अज्ञात वाहन ने एक बाइक चालक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मौके पर ही एक बुजुर्ग की मौत हो गई । वहीं एक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रिफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार अछरीडीह तुमगांव निवासी कृषि उपज मंडी महासमुंद में उपनिरीक्षक कमलनारायण साहू ( 60) बुधवार को भाई पोषण साहू के साथ बाइक पर सवार होकर अछरीडीह से महासमुंद आ रहे थे। देर शाम करीब 7:30 बजे खरोरा-साराडीह मोड़ पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और फरार हो गया। इस हादसे में कमलनारायण साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी । मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल पोषण साहू को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार कर उनकी गंभीर अवस्था को देखते हुए रायपुर रिफर कर दिया। वहीं मृतक के शव को पीएम पश्चात उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।