बुनियादी साक्षरता के तहत 22 को महापरीक्षा
महासमुंद। जिले में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान के आकलन हेतु राष्ट्रव्यापी ‘महापरीक्षा अभियान’ का आयोजन 22 मार्च (रविवार) को किया जाएगा। यह परीक्षा जिले के सभी विकासखंडों में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक 170 केंद्रों में आयोजित होगी, जिसमें लगभग 2 हजार नवसाक्षरों के शामिल होने का लक्ष्य है। 15 वर्ष से अधिक उमर के वे शिक्षार्थी, जिन्होंने उल्लास साक्षरता केंद्रों में अध्ययन किया है, इस परीक्षा में शामिल होंगे। सफल प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय एवं राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की सफलता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वयंसेवी शिक्षक तथा शिक्षा विभाग की टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे शिक्षा से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें।
