पुलिस का एक्शन: अवैध महुआ शराब पर ताबड़तोड़ छापे, दो गिरफ्तार

कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई, 110 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट
महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को व्यापक कार्रवाई की गई। थाना पिथौरा, पटेवा, खल्लारी, सरायपाली और तेंदुकोना क्षेत्र की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कई गांवों, होटल-ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पिथौरा थाना क्षेत्र के जंघोरा, बरतुंगा, पटेवा के कोलपदर, खल्लारी के जोरातराई, सरायपाली के बारडोली और तेंदुकोना क्षेत्र के बुंदेली में छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध देशी एवं विदेशी शराब जब्त की गई, वहीं बड़ी मात्रा में महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस ने कुल 12 लीटर 290 एमएल अवैध देशी शराब (कीमत 5408 रुपये) तथा 540 एमएल अंग्रेजी व्हिस्की (कीमत 360 रुपये) जब्त की है। इसके अलावा शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। करीब 110 किलो महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान दो प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक मामले में आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
थाना पिथौरा पुलिस ने ढाबों में भी दबिश देकर अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अलग-अलग मामलों में कुल करीब 6 लीटर से अधिक देशी शराब और अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 4775.661 लीटर अवैध महुआ शराब (कीमत करीब 11.55 लाख रुपये) जब्त की जा चुकी है। वहीं 346 प्रकरणों में 397 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।