लग्जरी कार से 25 लाख नकद बरामद, युवक हिरासत में
महासमुंद। जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 25 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना पटेवा पुलिस द्वारा नेशनल हाईवे 53 स्थित ग्राम जोगीडीपा के पास की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में भारी मात्रा में नगदी रकम ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान पिथौरा की ओर से आ रही काले रंग की मारुति ग्रैंड विटारा (क्रमांक ओडी 15 एए 5080) को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम मोहित आनंद (26), निवासी बुधाराजा, संबलपुर (ओडिशा) बताया।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे एक चेकदार बैग से 500-500 रुपये के नोटों के 50 बंडल, कुल 25 लाख रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रायपुर में फ्लैट खरीदने के लिए यह रकम ले जा रहा था, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने धारा 94 बीएनएस के तहत नोटिस जारी करते हुए नगदी, वाहन और दो मोबाइल फोन समेत कुल 40 लाख 45 हजार 840 रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और नगदी के स्रोत की पड़ताल की जा रही है।
