ई चालान जमा करने हेतु ओटीसी की सुविधा 01 अप्रैल से

कोंडागांव, 18 मार्च 2026/ जिला कोषालय अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई है कि भौतिक चालानों का प्रचलन समाप्त किए जाने एवं ऑनलाइन माध्यम से ही चालान जमा किए जाने हेतु ओटीसी (over the counter) की सुविधा 1 अप्रैल 2026 से लागू की जाएगी। जिले के सभी आहरण संवितरण अधिकारी चालान जमाकर्ताओं को ई चालान जमा करने की प्रक्रिया से अवगत कराने तथा इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भौतिक चालान का प्रचलन समाप्त किये जाने एवं ऑनलाइन माध्यम से ही चालान जमा किया जाना सभी पक्षों हेतु उपयोगी होने से ओटीसी (over the counter) की सुविधा लागू की गई है। ओटीसी सुविधा अंतर्गत ई चालान पोर्टल पर चालान जमा करते समय चालान का डाटा बैंक को ऑनलाइन ट्रान्सफर कर दिया जाता है, जिससे बैंक स्तर पर पुनः चालान प्रविष्टि की आवश्यकता नही रहती है। बैंक काउंटर पर केवल ऑनलाइन द्वारा जनरेटेड चालान, जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (TRN) की प्रविष्टि करके राशि जमा की जाती है, एवं बैंक द्वारा एमआईएस कोषालय में ऑनलाइन प्रस्तुत किया जाता है | इस व्यवस्था को लागू करने से डाटा प्रविष्टि की त्रुटियों में कमी आएगी तथा लेखांकन सही रूप में हो सकेगा। इस प्रक्रिया के पश्चात ई चालान पोर्टल (https://echallan.cg.gov.in) के सर्च challan विकल्प के माध्यम से जमाकर्ता चालान का प्रिंट ले सकता है, जो भौतिक चालान में संभव नही है।