चावल घोटाले के आरोपियों के खिलाफ दर्ज हो एफआईआर : पंकज
महासमुंद। नागरिक कल्याण समिति के सदस्य व पूर्व पार्षद पंकज साहू ने शहर के तीन राशन दुकानों में हुए चावल घोटाले के आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर तत्काल चावल गबन की राशि वसूली करने की मांग शासन-प्रशासन से की है। साहू ने बताया कि शहर में महिला स्व-सहायता समितियों द्वारा संचालित 3 राशन दुकानों में बड़ी मात्रा में चावल घोटाला की पुष्टि जांच में हुई है। पूर्व में संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्त संरक्षण संचालनालय नया रायपुर छग तथा कलेक्टर महासमुंद, खाद्य अधिकारी महासमुंद को पत्र प्रेषित कर इन राशन दुकानों में हुए भ्रष्टाचार, चावल की अनियमितता की उचित जांच कर सख्त कार्रवाई, गबन की गई चावल की वसूली तथा अनियमितता में लिप्त लोगों के विरूद्ध एफआईआर की मांग थी कि उत्कल महिला बचत एवं साख समिति महासमुंद दुकान आईडी क्रमांक 581001017 व मां महामाया प्राथमिक उपभोक्ता भंडार समिति आईडी क्रमांक 581001013 तथा गौरा गौरी खाद्य सुरक्षा पोषण उपभोक्ता सह. समिति आई.डी. क्रमांक 581001021 के संचालकों द्वारा 1 करोड़ रुपए की शासकीय पीडीएस चावल की अनियमितता करते हुए राशि के गबन के बाद तीनों दुकानों की भौतिक जांच की और शिकायत सही पाया। तीनों दुकानों का निलंबन आदेश 12 मार्च 2026 को जारी किया गया है। जांच में गबन सिद्ध होने पश्चात इन दुकानों के आईडी निरस्त कर दुकान निलंबन की कार्रवाई की गई।
‘घोटाले की चावल की हो वसूली’
पूर्व पार्षद पंकज साहू ने लगभग एक करोड़ रु. के चावल घोटाले में प्रशासन द्वारा की गई निलंबन की कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए गरीबों के हक का लाखों का चावल डकारने वाले भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होनें कहा है कि लिप्त लोगों के विरूद्ध थाने में अपराध दर्ज कर घोटाले की चावल की राशि वसूल कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार का कृत्य करने से पहले ऐसे भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगे।
