मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का स्वागत: नपा उपाध्यक्ष

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान 2026 योजना को नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने जनता के हित में बड़ा फैसला बताते हुए स्वागत किया है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
राठी ने कहा कि इस योजना से विशेष रूप से बीपीएल, घरेलू और कृषि से जुड़े बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। योजना के तहत प्रदेश के लगभग 28.50 लाख उपभोक्ताओं को करीब 757 करोड़ रुपये का लाभ मिलने का अनुमान है, जिससे बकाया बिजली बिल का बोझ काफी कम होगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य कोरोना काल और उसके बाद से लंबित बिजली बिलों के भारी बोझ को कम करना है। राज्य गठन के बाद पहली बार भाजपा सरकार ने बकाया उपभोक्ताओं के लिए इतना बड़ा कदम उठाया है।
योजना 12 मार्च 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेगी। इसके अंतर्गत 31 मार्च 2023 तक के बकाया पर पूरा सरचार्ज माफ किया जाएगा और मूल राशि पर 75 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। उपभोक्ताओं को केवल 25 प्रतिशत राशि का एकमुश्त भुगतान करना होगा। वहीं किश्तों में भुगतान करने पर 50 प्रतिशत तक ही छूट मिलेगी, हालांकि सरचार्ज पूरी तरह माफ रहेगा।
राठी ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे “पहले आओ, पहले छूट पाओ” के तहत अपने नजदीकी बिजली विभाग कार्यालय में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं। इसके लिए मोर बिजली ऐप के माध्यम से CSPDCL में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना से बकाया उपभोक्ता डिफॉल्टर बनने से बचेंगे और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।