महासमुंद पुलिस ने शुरू किया “संवाद” व्हाट्सऐप हेल्प डेस्क
अब घर बैठे दर्ज करें शिकायत, गुप्त सूचना भी सीधे एसपी तक
महासमुंद। पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को सरल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महासमुंद जिला पुलिस ने “संवाद” नाम से एक नई पहल शुरू की है। यह पहल कांकेर पुलिस के “शिकायत हेल्प डेस्क” अभियान की तर्ज पर लागू की गई है।
अब जिले के नागरिक व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे या किसी भी अवैध गतिविधि की गुप्त सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए महासमुंद पुलिस ने मोबाइल नंबर 9479229939 जारी किया है। इस नंबर पर Hi, Hello, नमस्ते या Help लिखकर भेजने पर स्वतः एक मैसेज प्राप्त होगा, जिसमें दो विकल्प मिलेंगे।
शिकायत दर्ज करें
अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना दें
शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
यदि शिकायतकर्ता “2” विकल्प चुनता है, तो उसे अपनी शिकायत की फोटो, पीडीएफ या टाइप करके भेजने का विकल्प दिया जाएगा। शिकायत पूरी होने पर उसे एक शिकायत क्रमांक प्रदान किया जाएगा, जिससे वह अपनी शिकायत की स्थिति भी व्हाट्सऐप पर ट्रैक कर सकेगा।
गुप्त सूचना देने की सुविधा
“1” विकल्प चुनने पर उपयोगकर्ता अवैध शराब, गांजा, जुआ, नशे के कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा कर सकता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
AI आधारित चैटबॉट की खासियत
“संवाद” व्हाट्सऐप हेल्प डेस्क पूरी तरह AI आधारित ऑटोमैटिक सिस्टम पर काम करेगा। शिकायतों को स्वतः 10 श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा। संबंधित थानों को स्वतः भेजा जाएगा। डैशबोर्ड के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग होगी।
शिकायतों की प्रमुख श्रेणियां
इनमें मारपीट, लेन-देन विवाद, महिला संबंधी अपराध, भूमि विवाद, चोरी, साइबर ठगी, सोशल मीडिया, अवैध नशा कारोबार, पारिवारिक विवाद सहित अन्य मामले शामिल हैं।
महत्वपूर्ण नियम
एक मोबाइल नंबर से 7 दिनों में केवल 1 शिकायत दर्ज की जा सकेगी। शिकायत की अद्यतन स्थिति व्हाट्सऐप पर ही प्राप्त होगी। महासमुंद पुलिस का कहना है कि इस पहल से आम जनता और पुलिस के बीच संवाद और भी तेज, पारदर्शी और प्रभावी होगा, जिससे अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
