बाइक से एमपी ले जा रहा था 7 किलो गांजा, 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक बिना नंबर की KTM मोटरसाइकिल में गांजा लेकर दो व्यक्ति आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर जांच की गई। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सीट के बीच रखे बैग से 7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पारस लोधी (18) निवासी जबलपुर (मध्यप्रदेश) बताया। उसने बताया कि गांजा ओडिशा से जबलपुर ले जाया जा रहा था। मामले में एक अन्य नाबालिग भी शामिल पाया गया है, जिसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का गांजा, 75 हजार रुपये कीमत की बिना नंबर केटीएम मोटरसाइकिल तथा 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 4 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा तस्करी के नेटवर्क, सोर्स और डेस्टिनेशन की भी जांच की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
