गोड़बहाल में जल संरक्षण और पेयजल गुणवत्ता पर जागरूकता अभियान

महासमुंद। जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विकासखंड पिथौरा के ग्राम गोड़बहाल में जल संरक्षण और पेयजल गुणवत्ता जांच को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और जल बहनियों को एफटीके किट के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने उपस्थित ग्रामीणों को पेयजल की शुद्धता जांचने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। साथ ही जल के उचित संचालन एवं संधारण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए जल शपथ भी ली। वहीं, जिन स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज की समस्या थी, वहां मौके पर मरम्मत कर उसका डेमो प्रस्तुत किया गया। इसके जरिए ग्रामीणों को जल प्रबंधन और रखरखाव के व्यावहारिक तरीके बताए गए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।