कॉलोनी में योग शिविर प्रारंभ, समिति की महिलाओं ने कराया योगाभ्यास

महासमुंद। महिला पतंजलि समिति द्वारा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के गार्डन में तीन दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के प्रथम दिवस पूनम पटले एवं सुमति साहू ने योगाभ्यास कराया। इसमें योगिक जॉगिंग, श्वास पर ध्यान केंद्रित करते हुए तथा शरीर की क्षमता के अनुसार सूर्य नमस्कार के 12 आसनों का अभ्यास विधिपूर्वक कराया गया। उन्होंने बताया कि सूर्य नमस्कार संपूर्ण व्यायाम की श्रेणी में आता है, जिससे शरीर का सर्वांगीण विकास होता है। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव दूर होता है और व्यक्ति निरोगी जीवन जी सकता है। वर्तमान में योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर महिला पतंजलि समिति द्वारा महिलाओं के बीच योग के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। शिविर के द्वितीय दिवस रोगानुसार योग एवं जड़ी-बूटी परिचय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अंजलि पटेल, दुबे पटेल, भावना चंद्राकर, चंद्रकला साहू, रिया पटेल, हेमवती पटेल, सकल साहू, हेमलता कोसर, शकुंतला साहू, आयुष पटेल, हुमांजलि पटेल, ईश्वरी सिन्हा, हेमक्रांति जगत, जिला महिला पतंजलि प्रभारी सुमति साहू, महामंत्री पूनम पटले आदि मौजूद रहे।