दिनदहाड़े चोरी करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार
बाइक व मोबाइल सहित चोरी का दूसरा वाहन भी बरामद
महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकराडिह निवासी अजय खुंटे ने 14 मार्च 2026 को थाना तुमगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 मार्च की शाम वह अपनी हीरो पैशन प्रो बाइक (सीजी 04 एमपी 8002) से घर लौटा था। बाइक को घर के परछी में खड़ी कर वह नहाने चला गया और चाबी वाहन में ही लगी रह गई। इसी दौरान घर का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर बाइक तथा कूलर के ऊपर रखे दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2), 331(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पतासाजी और आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर संदिग्ध दौलतराम चौहान (38), निवासी गौरटेक थाना बसना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो पैशन प्रो बाइक, दो मोबाइल फोन तथा एक अन्य बाइक सुपर स्प्लेंडर (सीजी 06 जीआर 1162) बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक को 12 मार्च को थाना बसना क्षेत्र के खुशरूपाली से चोरी किया था।
