मनरेगा मजदूरों का जल्द किया जाए लंबित भुगतान : रश्मि
महासमुंद। कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत कार्य करने वाले मजदूरों की लंबित मजदूरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि महासमुंद जिले के कई गांवों में पिछले दो महीनों से मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। होली जैसे बड़े त्योहार के समय मजदूरों की जेब खाली रहने से गरीब और श्रमिक परिवारों के सामने गंभीर
आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। डॉ. चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। मजदूर अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन समय पर मजदूरी नहीं मिलने से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की अनदेखी के कारण कई परिवार रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने मजबूर हो जाते हैं। डॉ. रश्मि चंद्राकर ने सरकार से मांग की है कि मनरेगा मजदूरों का लंबित भुगतान जल्द से जल्द किया जाए और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाए।
