20 साल पुरानी समस्या होगी दूर, भवरचुवा– मधुबन से डोंगरीपाली मार्ग पर 6 करोड़ से बनेगा पुल
उच्च स्तरीय पुल निर्माण हेतु 6 करोड़ स्वीकृत
महासमुंद। बसना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम भवरचुवा मधुबन से डोंगरीपाली को जोड़ने वाला मार्ग सरसिवा और सरायपाली को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
लंबे समय से अधूरे कार्य और नाले पर पुल निर्माण नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यह सड़क लगभग 20 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी, लेकिन बीच में पड़ने वाले नाले पर पुल का निर्माण नहीं हो पाने से विशेषकर बरसात के समय आवागमन बाधित हो जाता था।
क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण समस्या को देखते हुए संचार एवं संकर्म के सभापति एवं क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती मीरा ऋषिकेश पटेल ने सभापति प्रकाश सिन्हा के सहयोग एवं मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर इस कार्य को बजट में शामिल कराने के लिए पहल की। जिस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए राज्य सरकार द्वारा बजट में 6 करोड़ रुपये की राशि भवरचुवा मधुबन से डोंगरीपाली पहुंच मार्ग के निर्माण तथा नाले पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और उन्होंने राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
