लूट की वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार
महासमुंद। सोमवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में अज्ञात तीन युवकों ने मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। सांकरा थाना अंर्तगत ग्राम कसहीबाहरा निवासी लिलेश्वर सहीस ने शिकायत की है कि 8 मार्च को बाइक क्रमांक सीजी 06 एच सी 8936 से अपने दोस्त चुमन सहिस, देवा ध्रुव के साथ रात करीब 11 बजे ग्राम कसीबाहरा से अपने दोस्त हलधर ध्रुव को लेने सरायपाली गया था वापसी में लोहरिनडोंगरी जरहा पुलिया के पास रात करीब 2 बजे पल्सर बाइक में तीन अज्ञात हमारी बाइक के आगे अपनी बाइक खड़ा कर चाकू दिखाकर हमसे 2 नग मोबाइल और 500 रुपए नकद लूट कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार इससे पहले उक्त तीनों ने पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पेट्रोल पंप से नकदी लगभग 36,500 रुपए एवं एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत साहू ने थाने में शिकायत की है कि 8 मार्च की रात करीब 2:15 बजे एक पल्सर बाइक पर सवार अज्ञात तीन युवकों ने सो रहे सेल्समैन और कर्मचारियों को जगाया। बाद आरोपियों ने चाकू की नोक पर डरा-धमका कर लूटपाट शुरू कर दी। लुटेरों ने मौके से नकदी लगभग 36,500 रुपए व एक मोबाइल लूटकर ले गए। स्टॉफ ने रात को ही इस घटना की सूचना 112 को दी, इधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों संदिग्ध युवक कैद हो गए हैं। पुलिस ने दोनों ही मामले में 309(4), 3(5) दर्ज कर लिया है। मामले में एएसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि पिथौरा व सांकरा थाने में हुई लूट में तीनों युवक शामिल हैं जो सरायपाली के रहने वाले हैं। आरोपी लूट के बाद बाइक छोड़कर फरार हो गए, जिनमें से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है वहीं अन्य दो की तलाश जारी है।
