ग्रामीण संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
बागबाहरा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा ग्रामीण के तत्वावधान में 8 मार्च को संगठन विस्तार के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने की।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा ग्रामीण के संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संगठन में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए इच्छुक कार्यकर्ताओं से दावेदारी भी आमंत्रित की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा ग्रामीण के अध्यक्ष देवनाथ साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय, योग्य और मेहनती पदाधिकारियों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी जो पार्टी के प्रति समर्पित होकर कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान को बढ़ाने के साथ संगठन को नई ऊर्जा दें। इस अवसर पर खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। पार्टी में छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी पूरा सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की रीति-नीति और जनकल्याणकारी विचारों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में मुख्य रूप से मुकुंद सिंह, शहजान पाशा, चंदू साहू, तेनु साहू, बलेश साहू, तुलाराम साहू, हरि यादव, फूल सिंह ध्रुव, राहुल कुलदीप, जीवन नायक, चोवाराम साहू, जयंती चंद्राकर, सुनील व्यवहार, ओमप्रकाश साहू, सुरेश पटेल, योगेंद्र साहू, पुरुषोत्तम साहू, सुरेश साहू, भुवनेश्वर ध्रुव, अंगा साहू, गंगा भोसले, मोहन साहू, भारत साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
