गर्मी को देख सुबह पाली में लगे स्कूल
महासमुंद। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र लिखकर स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन करने की मांग की है। स्कूल शिक्षा विभाग प्रशासन को पत्राचार कर शासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में गर्मी का तापमान अधिकतम की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में शालाएं दो पाली में संचालित की जा रही है द्वितीय पाली में लगने वाले स्कूलों में दोपहर में घर लौटते वक्त बच्चों को डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक (लू लगना) जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। विशेषकर प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के छोटे बच्चों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने शासन स्कूल शिक्षा विभाग से निम्नांकित बिंदुओं के आधार पर शालाओं के संचालन का आग्रह किया है। राज्य में शालाओं का संचालन सुबह सिर्फ एक पाली में 7:30 बजे से 11:30 बजे तक नियत किया जाए। प्रदेश के समस्त शासकीय अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों का संचालन सुबह की एक पाली में संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। संघ के प्रांताध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने उम्मीद जताई है कि विभाग बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगा। मुक्तेश्वर देवांगन, तिलक यादव, फारूक कादरी, देवेंद्र साहू, अनुराग श्रीवास्तव, प्रवीण तिवारी, रविंद्र मरकाम, करीम खान, अतुल मिश्रा, विजय वर्मा, अरुण ध्रुव, जिला अध्यक्ष, चंदू चंद्राकर धमतरी, अर्जुन क्षत्री, जांजगीर, एमआर खान, गरियाबंद, दिलीप तिवारी, महासमुंद, शेखर पांडेय, बिलासपुर, दिलीप चंद्रवंशी, कवर्धा, सुचिन वर्मा, बलौदाबाजार आदि जिला अध्यक्ष एवं संघ पदाधिकारियों ने राज्य में शाला समय सुबह पाली में लगाए जाने की मांग की है।
