नगर वासियों को आज से मिलेगा तीन समय पानी

पालिकाध्यक की अध्यक्षता में सभापति, पार्षदों की हुई बैठक
महासमुंद। शहर वासियों को कल 12 मार्च से तीन समय पानी मिलना शुरू हो जाएगा। नगर पालिका कार्यालय में आज अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में सभापति व पार्षदों की हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर यह तय किया गया कि प्रतिदिन सुबह 6 बजे, दोपहर 2 बजे व शाम 7 बजे पानी प्रदान किया जाएगा। बैठक में पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि अभी से तेज गर्मी का अहसास होने लगा है। घरों में पानी की खपत बढ़ गई है। ऐसे में तीन समय पानी मिलने से नागरिकों को पेयजल व निस्तारी जल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। श्री साहू ने कहा कि हमारा प्रयास नगर वासियों को शुद्ध जल उपलब्ध कराना है। प्रत्येक घरों तक शुद्ध पानी पहुंचे इसके लिए कार्ययोजना बनाकर काम किया जा रहा है। लेकिन, यह तभी संभव है जब नागरिक भी जागरूकता का परिचय देते हुए, पानी का सही उपयोग करें। नलों में टुल्लू पंप लगाकर पानी न खींचे। ऐसा करने से अन्य घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता, और परेशानी खड़ी होती है। सभी अपने अपने नलों से समयानुसार जो पानी मिल रहा है, उसका उपयोग करें। उन्होंने नगर वासियों से निवेदन किया कि नल में टुल्लू पंप का प्रयोग कदापि न करें। शिकायत मिलने पर टुल्लू पंप जब्ती व कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई होगी। इसके लिए वे स्वतः जिम्मेदार होंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, जय देवांगन, गुलशन साहू, सूरज नायक, पार्षद मुस्ताक खान, ओमिन टोमन कागजी, धनेंद्र चंद्राकर, नीरज चंद्राकर, राहुल आवड़े, धनेश्वरी सोनाधार सोनवानी आदि उपस्थित थे।