नगरीय सीमा में हेलमेट की अनिवार्यता समाप्त करने कांग्रेसियों ने की मांग
महासमुंद। जनता में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यातायात प्रभारी एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय से मुलाकात की और नगरीय सीमा में हेलमेट की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि शहरी सीमा क्षेत्र के भीतर हेलमेट की अनिवार्यता न हो, ताकि स्थानीय लोगों को छोटी दूरियों के लिए बार-बार हेलमेट पहनने की असुविधा से राहत मिल सके। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि शहर के अंदर वाहनों की गति कम होती है, इसलिए यहां हेलमेट की वैसी आवश्यकता नहीं, जैसी नेशनल हाईवे या बाहरी सड़कों पर होती है। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और इस विषय पर नियमानुसार विचार करने आश्वस्त किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष जिला कांग्रेस निर्मल जैन, शहर मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, पार्षद मुस्ताक खान विक्की , प्रदेश सचिव ओबीसी कांग्रेस प्रदीप चंद्राकर, पूर्व एल्डरमैन जावेद चौहान, पूर्व पार्षद राजू साहू शामिल रहे।
