एक साल में प्रशासनिक कार्यों को पूरी दक्षता के साथ किया: हुलसी
राजनीति नहीं, सेवा है मेरा लक्ष्य है
महासमुंद। जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष हुलसी जितेंद्र चंद्राकर ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण करने पर कहा है कि सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ शुरू हुए सफर के एक साल में उन्होंने न केवल प्रशासनिक कार्यों में दक्षता दिखाई, बल्कि ग्रामीण इलाके के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुँचाने में भी सेतु का काम किया है। चंद्राकर का यह पहला साल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सामाजिक सरोकारों के नाम रहा। जनपद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जैसे नल-जल योजना के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पानी, सीसी रोड, नाली निर्माण और सामुदायिक भवनों के प्रस्तावों को त्वरित स्वीकृति दिलाकर विकास कार्यों को गति दी, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के निरीक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने पर विशेष जोर दिया, एक जनप्रतिनिधि के तौर पर हुलसी जितेंद्र चंद्राकर की सबसे बड़ी खूबी उनकी सुलभता रही है। उन्होंने एसी कमरों की बजाय गांव की गलियों और चौपालों पर जनता की समस्याएं सुनीं। पद संभालने के बाद से ही उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया। उनका मानना है कि जब गांव की महिलाएं सशक्त होंगी, तभी पूरा समाज प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि यह एक वर्ष क्षेत्र की जनता के विश्वास का वर्ष रहा है। मेरा लक्ष्य राजनीति नहीं, बल्कि सेवा है। आने वाले समय में महासमुंद जनपद को एक आदर्श जनपद के रूप में स्थापित करने के लिए मैं पूरी निष्ठा से प्रयास करती रहूंगी।
