वृंदावन विद्यालय में बच्चों ने खेली होली, हुआ वार्षिक खेलकूद, पुरस्कार वितरण

महासमुंद। वृंदावन विद्यालय इंग्लिश मीडियम हाईस्कूल में वार्षिक क्रीडा प्रतियोगिता में विजयी विद्यार्थियों के सम्मान व होली उत्सव का कार्यक्रम विद्यालय प्रांगण में रखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख एमआर विश्वनाथन, संचालिका सुजाता विश्वनाथन, उपप्राचार्य इंदु मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षिका उर्मिला अग्निहोत्री, अमृता चंद्राकर वर्षा चंद्राकर ने मां शारदा व भगवान कृष्ण की मूर्ति समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया । पुरस्कार वितरण के दौरान कक्षा नर्सरी से 10वीं तक के छात्रों को 100 मी. रेस, सैक रेस, स्पून रेस, म्यूजिकल चेयर, रोप-स्किपिंग, कबड्डी, खो-खो, रोप पुलिंग, क्रिकेट और अन्य एथलेटिक प्रतियोगिताओं में बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पदक, प्रमाण पत्र और ट्रॉफियां प्रदान की गईं। संस्था प्रमुख एमआर विश्वनाथन ने सभी प्रतिभागियों व विजयी छात्रों के प्रयासों की सराहना की, तथा खेल को जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बताया, जो अनुशासन और टीम भावना सिखाता है। संचालिका सुजाता विश्वनाथन ने परिश्रम व अनुशासन को ही सफलता की कुंजी बताया, तथा बच्चों को होली त्योहार से जुड़े कुछ पौराणिक कथाओं का वर्णन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रांगण में फूलों व रंगों की होली खेली गई। कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य इंदु मिश्रा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।