अपराध रोकने में गृहविभाग पूरी तरह नाकाम : विनोद

महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शांत छत्तीसगढ़ को भाजपा शासन ने अपराध का गढ़ बना दिया है और गृह विभाग अपराध नियंत्रण में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हत्या, लूट, चाकूबाजी, अपहरण, अनाचार और नशाखोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले आॅनलाइन एफआईआर और सिटीजन पोर्टल के माध्यम से लोगों को अपराध संबंधी जानकारी और एफआईआर की कॉपी आसानी से मिल जाती थी, लेकिन पिछले डेढ़ महीने से ये पोर्टल बंद हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोगों को थानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने विधानसभा में पेश आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि एक वर्ष में प्रदेश में 3191 दुष्कर्म की घटनाएं दर्ज हुई हैं, यानी औसतन हर तीन घंटे में एक महिला दुष्कर्म की शिकार हो रही है। चंद्राकर ने सरकार से अपराध छिपाने के बजाय कानून व्यवस्था को मजबूत करने और जनहित में आॅनलाइन सिटीजन पोर्टल को पुन: शुरू करने की मांग की है।