तेज धूप के कारण दिन में सड़क हो रहीं हैं सुनी, होने लगा है तापमान का एहसास

हफ्तेभर न्यूनतम तापमान स्थिर रहने की संभावना
महासमुंद। होली के साथ ही जिले में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है और दोपहर के समय चुभन भरी गर्मी साफ महसूस की जा रही है। घर से बाहर निकलने पर अभी से गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन रात से अलसुबह तक अभी गर्मी से राहत है।
बता दें कि जिले में अभी दिन में अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री तापमान है। जबकि अभी मार्च महीने की शुरूआत हुई है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि प्रदेश के साथ-साथ महासमुंद जिले में भी 10 मार्च के बाद अधिकतम तापमान में करीब 3-4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी अपने पूरे तेवर में रहेगी। वर्तमान में जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में आसमान पूरी तरह साफ है और मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि न्यूनतम तापमान (रात का तापमान) अगले सात दिनों तक लगभग स्थिर रहने की संभावना है, जिससे रात के समय अभी ज्यादा गर्मी नहीं पड़ेगी। मालूम हो कि इस वर्ष जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी ठंड का प्रभाव अपेक्षाकृत कम देखने को मिला। सामान्यत: फरवरी में उत्तर भारत से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण मौसम में बदलाव आता है, लेकिन इस बार ऐसा असर ज्यादा दिखाई नहीं दिया। फरवरी के अंतिम दिनों में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई, लेकिन ठंड अपेक्षा के अनुसार नहीं पड़ी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों का असर खत्म होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है, जिसका प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
बढ़ते तापमान से बढ़ा लू का खतरा, सावधानी जरूरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने जिलेवासियों को लू (हीट वेव) से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर लू का खतरा बढ़ जाता है, जिसका असर खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर अधिक पड़ता है। डॉ. राव के अनुसार लू लगने पर सिरदर्द, तेज बुखार, चक्कर, उल्टी, कमजोरी, अधिक प्यास लगना और शरीर का तापमान बढ़ने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे में मरीज को तुरंत ठंडे और हवादार स्थान पर लिटाकर सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें, पानी व पेय पदार्थ जैसे आम का पना, जल जीरा दें तथा जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, सिर व कान को कपड़े से ढकें, हल्के सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर 104 आरोग्य सेवा केंद्र से नि:शुल्क सलाह ली जा सकती है।
ठंडे पेय पदार्थों की दुकानें लगी
मार्च माह में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। लोगों ने गर्मी से राहत पाने ठंडे पेय पदार्थों का सेवन शुरू कर दिया है। जिसके चलते अब शहर के मुख्य सड़क के दोनों ओर गन्ना रस, सिकंजी की दुकानें लगने लगी हैं। इसके साथ ही किराना सहित जनरल स्टोर्स में ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री भी बढ़ने लगी है।