आबक कम सब्जियां हुई महंगी, पांच दिन बाद लौटी बाजार में रौनक

महासमुंद। होली के दो दिन पहले से बंद सब्जी बाजार आज पांच दिन बाद खुला। सब्जी की कम आवक और अधिक खपत से पिछले रविवार की अपेक्षा आज सब्जियों के दामों में 50 प्रतिशत वृद्धि हुई। बावजूद सब्जी बाजार में पसरा लगाने वाले, शहर के विभिन्न स्थानों में व्यवसाय करने वाले, फेरी वालों सहित नागरिकों की भारी भीड़ रही।
बता दें कि होली के मद्देनजर सब्जी व्यापारी, कर्मचारी एवं परिवहन से जुड़े लोगों के अवकाश पर रहने के कारण इस बार शहर का मुख्य सब्जी बाजार पिछले सोमवार से बंद रहा। लगातार 5 दिन सब्जी बाजार बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बीच जिन व्यवसायियों के पास सब्जी का बचत स्टॉक था वे पिछले सोमवार और मंगलवार को मंहगे दामों पर सब्जियों बेचीं। संघ के अध्यक्ष संतोष चंद्राकर ने बताया कि होली के दौरान व्यापारी, कर्मचारी एवं परिवहन से जुड़े लोग अवकाश पर रहते हैं। साथ ही सब्जियों के परिवहन के लिए उपयोग होने वाले ट्रांसपोर्ट साधन भी बंद रहते हैं। इस वर्ष होलिका दहन और रंगोत्सव के बीच एक दिन का अंतर होने के कारण अवकाश अवधि बढ़ाई गई थी। प्रशासन एवं संघ द्वारा बाजार परिसर में सूचना चस्पा कर दी गई थी, ताकि नागरिक समय रहते आवश्यक खरीदारी कर सकें। आज पांच दिन बाद सब्जी बाजार खुला है। आज बाजार में लगभग 50-60 हजार किलो ही सब्जियों की आवक हुई है। जिसमें 90 प्रतिशत स्थानीय व 10 प्रतिशत बाहरी सब्जियां है।
थोक में आज सब्जियों के दाम
जानकारी के अनुसार आज बैगन, फूल गोभी, पत्तगोभी, धनिया, कुम्हड़ा और सेमी 20 रुपए किलो। इसी तरह भिंडी 40, टमाटर 8, लौकी 10, कटहल 50, मुनगा 60, अदरक 70, मिर्ची 80, शिमला मिर्च 30, गाजर 25, बरबट्टी 25, करेला 75, मटर 30, परवल 90, ढेंस 105 और मूली 15 रुपए किलो थोक में बिकी।
और भी बढ़ेंगे सब्जियों के दाम
श्री चंद्राकर ने बताया कि पांच दिन बाद बाजार खुलने, आवक कम होने और खपत अधिक के कारण आज सब्जियों के दाम अधिक रहे पर अब जैसे-जैसे गर्मी बढेÞगी ठंड की सब्जियों में कमी आएगी और स्थानीय आवक की भी कमी होगी। गर्मी में बाहरी आवक बढ़ने से सब्जियों के दाम लगातार बढ़ेंगे।