पंचायत को 50 लाख तक के विकास कार्यों की बनाएं निर्माण एजेंसी : द्वारिकाधीश

दिशा की बैठक में विधायक द्वारिकाधीश ने उठाए जनहित के मुद्दे
महासमुंद। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। बैठक में उन्होंने विशेष रूप से 50 लाख रुपये तक के निर्माण कार्यों की एजेंसी पंचायतों को करने की मांग रखते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आएगी और स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
विधायक यादव ने कहा कि यदि छोटे और मध्यम स्तर के निर्माण कार्य पंचायतों के माध्यम से कराए जाएं तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ेगी और कार्यों का बेहतर क्रियान्वयन संभव होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य समय पर पूर्ण किए जा सकेंगे। विधायक ने कुपोषित बच्चों की समस्या को गंभीर बताते हुए इस दिशा में विशेष ध्यान देने की बात कही। वहीं खोपली पड़ाव और खम्हारपाली स्थित अंतर्राज्यीय बैरियर में ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने तथा मासिक टोकन प्रथा के नाम पर की जा रही अवैध वसूली को बंद करने की मांग भी रखी।
बैठक के दौरान विधायक यादव ने जिले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषय भी उठाए। उन्होंने नर्रा उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर को अन्यत्र भेजे जाने के आदेश को निरस्त करते हुए पुन: नर्रा में पदस्थापना करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने जिले के कई स्कूल परिसरों के भीतर स्थित ट्रांसफार्मरों तथा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर हटाने की आवश्यकता बताई। बागबाहरा शहर के नक्शा अपडेशन कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग भी बैठक में उठाई गई, जिससे आम नागरिकों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।