7-ए साइड हॉकी प्रतियोगिता का विजेता बना बिलासपुर
महासमुंद। राज्य स्तरीय चन्द्रोदय हॉकी कप 2026 हॉकी प्रतियोगिता गत दिनों संपन्न हुई। उक्त प्रतियोगिता मिनी स्टेडियम, कॉलेज रोड महासमुंद में आयोजित था। समापन अवसर के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू थे। अध्यक्षता जिला हॉकी संघ अध्यक्ष व चंद्रनाहू शिक्षण समिति के अध्यक्ष राहुल चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि भाजपा नेता पंकज चंद्राकर, जिला मीडिया प्रभारी आनंद साहू, चंद्रनाहू शिक्षण समिति के पदाधिकारीगण व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। प्रतियोगिता के फाइनल विजेता बिलासपुर हॉकी एकेडमी, द्वितीय विजेता जांजगीर हॉकी टीम, व तृतीय विजेता रायगढ़ हॉकी टीम रही। जिसमें टीम को प्रथम पुरस्कार 25 हजार रु., द्वितीय विजेता टीम जांजगीर को 15 हजार रु. व तृतीय विजेता टीम रायगढ़ को 10 हजार रु. व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि स्थानीय स्तर पर इस तरह के आयोजन से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक बेहतर मंच मिलता है। हॉकी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने चंद्रोदय हॉकी कप का आयोजन सराहनीय प्रयास है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने प्रेरित करते हुए विजेता टीमों को शुभकामनाएं दी।
आभार प्रदर्शन जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष व चंद्रनाहू शिक्षण समिति के अध्यक्ष राहुल चंद्राकर ने किया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का है। महासमुंद सहित अंचल के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने चंद्रनाहू शिक्षण समिति संकल्पबद्ध है। उन्होंने विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अच्छे प्रदर्शन कर भविष्य में भी इस तरह उपलब्धि हासिल करते रहें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी, स्थानीय गणमान्य नागरिक व खेल प्रेमी उपस्थित थे।
