पुरानी दुश्मनी के चलते मारपीट

महासमुंद। नगर के वार्ड-11, दलदली मार्ग नयापारा में 4 मार्च की दोपहर होली के दौरान मारपीट हो गई। यहां रहने वाले महेश्वर साहू के घर के सामने पड़ोसी ललित साहू और दिनेश गढ़रिया ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब महेश्वर के भाई संतोष ने मना किया, तो आरोपियों ने उन्हें घर से खींचकर सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच ललित के बेटे यशु और आदित्य साहू ने भी हमला कर दिया। यशु ने संतोष की पीठ पर धारदार वस्तु से वार किया, वहीं ललित ने बीच-बचाव करने आए महेश्वर के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में परिवार के अन्य सदस्य रामकुमारी और हरिवंत साहू भी घायल हुए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने ललित, दिनेश, यशु और आदित्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।