तम्बाकू पीसने की मशीन की चपेट में आने ने से महिला की मौत

मैनेजर और सुपरवाइजर के खिलाफ अपराध दर्ज
महासमुंद। बागबाहरा में तम्बाकू पीसने की मशीन की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई है। वार्ड नंबर 7 स्थित तम्बाकू गोदाम में 23 फरवरी की शाम करीब 4:30 बजे 40 वर्षीया महिला मजदूर की मशीन के पट्टे में फंसकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वार्ड 1 भानपुर निवासी रमौतिन बाई (40) पति विजय देवांगन पिछले 9 माह से उक्त गोदाम में कार्यरत थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय वह मशीन के पास झाड़ू लगा रही थी, तभी उसकी साड़ी का पल्लू मशीन के चल रहे पट्टे में फंस गई। देखते ही देखते वह मशीन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि उसका सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया तथा हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, गवाहों के बयान दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई उपरांत 24 फरवरी को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्राथमिक जांच में मशीन संचालन में सुरक्षा प्रबंधों की कमी पाए जाने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 289 एवं 106 (1) के तहत कम्पनी के मैनेजर किशोर राजपूत और सुपरवाइजर जनक पटेल के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।