अध्यक्ष ने किया तालाब निर्माण के लिए भूमिपूजन, गांव के लिए वरदान से कम नहीं
महासमुंद बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम दारगांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत 16 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से तालाब निर्माण के लिए भूमिपूजन जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने किया। यह निर्माण कार्य ग्राम पंचायत के मार्गदर्शन में किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
भूमिपूजन अवसर पर अध्यक्ष ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि दारगांव उनका अपना गांव है और यहां के एक बुलावे पर पहुंचना वे अपना कर्तव्य समझते हैं। उन्होंने कहा कि तालाब निर्माण जैसा पुण्य कार्य गांव के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि जहां कभी गर्मियों में ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता था और भूमिगत जलस्तर लगभग 350 फीट से नीचे चला गया था, वहीं अब यह तालाब वर्षा जल को संरक्षित कर सालभर उपयोग के लिए पानी उपलब्ध कराएगा। इससे न केवल पेयजल संकट दूर होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्र का भूजल स्तर भी सुधरेगा। अध्यक्ष ने तकनीकी दृष्टि से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए रोजगार सहायक और सरपंच को निर्देश दिए कि मेड़ की चौड़ाई व ऊंचाई का सही माप रखा जाए, ताकि वर्षा का पानी सुरक्षित रूप से संग्रहित हो सके और तालाब को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे। साथ ही तालाब की गहराई पर्याप्त रखने पर भी बल दिया, जिससे लंबे समय तक जल संचयन संभव हो सके। उन्होंने कहा कि इस तालाब की एक विशेषता यह भी है कि यह जंगल से लगा हुआ है, जिससे वन्य प्राणियों को भी पेयजल उपलब्ध होगा। इसके अलावा समीप निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति भुंजिया समुदाय को निस्तारी, मछलीपालन और खेती के लिए जल का लाभ मिलेगा।
अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा सामूहिक मांग और भूमि उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। यह इस बात का प्रमाण है कि यदि सामूहिक प्रयास और तकनीकी समझदारी के साथ योजनाओं को लागू किया जाए तो जल संकट जैसी गंभीर चुनौती को भी अवसर में बदला जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस तालाब की हर बूंद में समाई उम्मीद गांव की खुशहाली, हरियाली और उत्पादकता का प्रतीक बनेगी तथा दारगांव को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करेगी। इस अवसर पर सरपंच उमा चंद्रहास यादव, उपसरपंच भीमसिंह ठाकुर, पंच लखन साहू, पूर्व सरपंच कौशल नेताम, शिव साहू, ओमप्रकाश निषाद, जगेश्वर ठाकुर, कृष्ण कुमार यादव, कुसुम ठाकुर, कुमार ठाकुर, भूपेंद्र निषाद, एकलदेव निषाद, रोजगार सहायक मनटोरा निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
