ईस्ट जोन विजी ट्रॉफी में कृतेश का चयन

महासमुंद। टर्मिनेटर क्रिकेट एकेडमी के क्रिकेटर कृतेश साहू का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित वीजी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए ईस्ट जोन टीम में किया गया है। यह चयन न केवल कृतेश की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि टर्मिनेटर इंटरनैशनल क्रिकेट एकेडमी के समर्पित प्रशिक्षण और उत्कृष्ट खेल संस्कृति का भी प्रमाण है।
विज्जी ट्रॉफी देश की प्रमुख अंतर-क्षेत्रीय (इंटर-जोनल) क्रिकेट प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और मध्य जोन की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता है। इस प्रतियोगिता में चयनित होना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है, क्योंकि यह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त मंच प्रदान करता है। कृतेश ने कटक में आयोजित ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के कप्तान के रूप में खेलते हुए पहले मैच में घासीदास विश्व विद्यालय के खिलाफ 59 बॉल में 124 रन की पारी खेली। दूसरे मैच में रांची यूनिवर्सिटी के खिलाफ 51 बॉल में 101 रन की पारी की बदौलत वीजी ट्रॉफी टीम में अपनी जगह बनाई। कृतेश कटक ओडिशा में 19 से 24 फरवरी तक वीजी ट्रॉफी के लिए कैंप में रहेंगे। कैंप के पश्चात टीम गोवा के लिए रवाना होगी, जहां 1 मार्च से वीजी ट्रॉफी प्रतियोगिता शुरू होगी।
कृतेश ने पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न आयु-वर्गीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कृतेश साहू पंडित रविशंकर विश्वविद्यालय टीम के दो बार कप्तान भी रह चुके हैं। टर्मिनेटर एकेडमी के मुख्य कोच एनआईएस क्रिकेट कोच डॉ. शबाब कुरैशी ने कहा कि कृतेश शुरू से ही एक समर्पित और मेहनती खिलाड़ी रहे हैं। वो आधुनिक क्रिकेट के सशक्त विकेट कीपर बल्लेबाज हैं। वे हर सत्र में अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करते हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे ईस्ट जोन टीम के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगे और आने वाले समय में उच्च स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे। कृतेश का यह चयन आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा। कृतेश ने भी अपने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस अवसर को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा टीम की सफलता में अपना सर्वोत्तम योगदान देंगे।