जल संकट: निस्तारी के लिए नहर नाली से जल उपलब्ध कराने की मांग

महासमुंद। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू ने ग्रामीणों और पशुधन की निस्तारी के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कलेक्टर को प्रेषित पत्र में कहा कि तुमगांव स्थित भोरिंग नहर नाली से निस्तारी जल उपलब्ध कराने की अत्यंत आवश्यकता है। वर्तमान में भोरिंग स्थित आवासीय एकलव्य विद्यालय में जल आपूर्ति गंभीर रूप से बाधित हो गई है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पेयजल व दैनिक उपयोग के पानी के लिए विद्यालय परिसर से बाहर जाना पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन को टैंकर के माध्यम से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जो अस्थायी एवं खचीर्ली व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त अछोली बेलटुकरी, अछोला, जोबा, गढ़मीवनी, मालीडीह, पिरदा, गुडरूडीह सहित आसपास के सैकड़ों ग्रामों में भी गर्मी प्रारंभ होते ही जल संकट गहराने लगा है। क्षेत्र में निस्तारी जल उपलब्ध न होने से ग्रामीणों एवं मवेशियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।