मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूर्ण,1.58 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत
मोहला 21 फरवरी 2026। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला मोहला-मानपुर-अं.चौकी में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण( एसआईआर) कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चार माह तक चले इस अभियान के उपरांत आज 21 फरवरी 2026 को जिला कार्यालय के सभा कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर जीआर मरकाम एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य, राजनीतिक दलों प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 78 मोहला-मानपुर में कुल 1,58,680 मतदाता पंजीकृत पाए गए हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान विधानसभा क्षेत्र के 243 बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए तथा 1,58,680 मतदाताओं के विवरण का मिलान एवं मैपिंग कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया। अभियान के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं।
यह अभियान 27 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर चार माह तक विभिन्न चरणों में संचालित हुआ। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा नाम विलोपन से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के मध्य प्राप्त किए गए, जिनका निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया।
अंतिम प्रकाशन के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया, राजनीतिक दलों एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाता पंजीकरण अधिकारी , सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी, बूथ लेवल एजेंट एवं स्वयंसेवकों के सक्रिय सहयोग से यह कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सका।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।
