समाज व राष्ट्र के लिए श्रेष्ठ जीवन जीने लिया संकल्प
महासमुंद। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में तुमगांव इकाई के अंतर्गत मिडिल स्कूल पिरदा, अमावस, बेलटुकरी एवं कांपा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। परीक्षा में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों को इकाई प्रमुख पंथराम साहू व वरिष्ठ परिजन ध्रुवराम साहू ने प्रमाण-पत्र वितरित किए। जिस पर संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों ने हर्ष जताया। तत्पश्चात संध्या समय गायत्री प्रज्ञापीठ तुमगांव में वरिष्ठ परिजन ध्रुवराम साहू का जन्मदिवस संस्कार हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत गायत्री माता के पूजन-अर्चना के साथ की गई तथा 80 दीप-प्रज्ज्वलित कर दीप यज्ञ हुआ। दीप यज्ञ के माध्यम से उपस्थित परिजनों ने दीपक की भांति स्वयं प्रकाशित होकर समाज व राष्ट्र के लिए श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प लिया। साहू ने एक अच्छाई ग्रहण करने व एक बुराई त्यागने का संकल्प लिया। यह जानकारी पंथराम साहू ने दी है।
