उमरगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर में महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कोण्डागांव,13 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में 11 फरवरी को ग्राम पंचायत उमरगांव, केंवटी, में 07 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, कोण्डागांव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत International Day of Women and Girls in Science के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार, समानता और सशक्तिकरण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके वैधानिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, लैंगिक समानता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा का विरोध करने के लिए समाज को संवेदनशील बनाना था।
इस अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षा, लैंगिक भेदभाव के उन्मूलन, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत भ्रूण हत्या एवं कन्या शिशु हत्या जैसे अमानवीय कृत्यों के प्रति जागरूकता, शिशु लिंगानुपात में सुधार, किशोरी बालिकाओं की सुरक्षा एवं शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महतारी स्वच्छता प्रबंधन, पोषण के महत्व, एनीमिया से बचाव, सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व देखभाल तथा मासिक धर्म स्वच्छता जैसे स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित कानूनी अधिकारों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निषेध नियम, टोनही प्रताड़ना अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम POCSO सहित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं स्वास्थ्य सेवा 102 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच श्रीमती रूपती मरकाम, उप सरपंच ललित मेश्राम, आर.के. जैन, श्रीमती ज्योति जैन, लच्छिंदर पोयाम, श्रीमती आर. जॉन, आर.के. महाजन, तिलकचंद्र देवांगन, श्रीमती अनिक्षा अंचल सोनी, मिशन शक्ति से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती रीना सिंह ठाकुर, जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती माधुरी उसेण्डी एवं कार्यालय सहायक जयंत कुमार साहू सहित महाविद्यालय की छात्राएं, स्कूली बच्चे एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।