भोपालपटनम में गूंजा स्वस्थ पंचायत का संकल्प

145 आवेदनों के साथ जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम
बीजापुर 13 फरवरी 2026- कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशन में विकासखंड भोपालपटनम में विकासखंड स्तरीय स्वस्थ पंचायत सम्मेलन का भव्य एवं सुनियोजित आयोजन जनपद पंचायत भोपालपटनम के सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड अंतर्गत ग्रामों की स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समितियों के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य और पोषण विषयक जनजागरूकता रैली से हुई, जिसमें बैनरों और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया। रैली के पश्चात आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी आमजन को दी तथा योजनाओं का लाभ लेने हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली क्षेत्रीय मितानीन दीदियों तथा मोबाइल एकेडमी के अंतर्गत अपना कोर्स पूर्ण करने वाली मितानीनों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के दौरान विकासखंड की समस्त ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं और समाधान हेतु ज्ञापन सौंपे। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल लगभग 145 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें प्रमुख रूप से स्वास्थ्य विभाग से संबंधित 05 आवेदन, हैंडपंप संबंधी 29 आवेदन, वृद्धा पेंशन 56 आवेदन, उज्ज्वला योजना 16 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग 05 आवेदन, सीसी सड़क एवं सड़क मरम्मत 19 आवेदन, फुल फुलिया निर्माण 10 आवेदन, आवास संबंधी 02 आवेदन, राशन कार्ड 01 आवेदन, परिवार सहायता राशि 02 आवेदन कार्यक्रम ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं समन्वय की मजबूत कड़ी स्थापित की। स्वस्थ पंचायत के संकल्प के साथ आयोजित यह सम्मेलन न केवल जनजागरूकता का माध्यम बना, बल्कि समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।