शराब बनाने के अवैध फैक्ट्री से 105 लीटर महुआ शराब और निर्माण सामग्री जब्त

महासमुंद। सांकरा पुलिस ने नदी किनारे संचालित एक अवैध महुआ शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त छापामार कार्रवाई में भारी मात्रा में कच्ची शराब, लाहन और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लोहराकोट के जंगल और नदी किनारे लंबे समय से गुप्त रूप से बड़े पैमाने पर महुआ शराब बनाने की सूचना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना पर सांकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम गठित की गई। 7 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से नदी किनारे घेराबंदी कर छापामार कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 105 लीटर तैयार कच्ची महुआ शराब बरामद की। इसके अलावा शराब निर्माण के लिए रखे गए लगभग 200 किलो महुआ लाहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस लाहन से लगभग 600 लीटर शराब तैयार की जा सकती थी। पुलिस ने मौके से शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे कई उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनमें एक बिना नंबर की स्कूटी, वाटर पंप, एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन कीमत लगभग 1.06 लाख रुपये, 8 गैस सिलेंडर, चूल्हा, 8 बड़े ड्रम और अन्य बर्तन शामिल हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 .66 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने लोहराकोट निवासी तेजकुमार डडसेना (28) को गिरफ्तार कर लिया, वहीं करण चौहान और रितेश सिन्हा फरार हो गए।