परीक्षा केंद्रो में पहुंचायी गई 1.20 लाख उत्तर पुस्तिकाएं
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अब अंतिम चरण में
महासमुंद। जिले में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा संचालन से जुड़ी गोपनीय और आवश्यक सामग्री को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। समन्वयक संस्था द्वारा सभी केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण पूरा कर लिया गया है, जिससे परीक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारी स्पष्ट नजर आ रही है।
समन्वयक संस्था के अनुसार अब तक लगभग 1.20 लाख उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केंद्रों को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा पूरक उत्तर पुस्तिकाएं भी केंद्रों तक पहुंचा दी गई हैं। किसी प्रकार की तकनीकी या प्रिंटिंग त्रुटि की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त 20 हजार उत्तर पुस्तिकाओं की मांग भी की गई है, ताकि परीक्षा संचालन में कोई बाधा न आए। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र 14 फरवरी को महासमुंद पहुंचेंगे, जबकि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवकाश के कारण 16 फरवरी को परीक्षा केंद्रों में प्रश्न-पत्रों का वितरण किया जाएगा। इसके बाद परीक्षा प्रारंभ होने में केवल चार दिन का समय शेष रहेगा।
प्रश्न-पत्रों सहित अन्य गोपनीय सामग्री को सुरक्षा की दृष्टि से नजदीकी थाना क्षेत्र में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रश्न-पत्रों का वितरण समन्वयक संस्था आत्मानंद आदर्श बालक स्कूल से किया जाएगा। समन्वयक संस्था के प्राचार्य एच.के. आचार्य ने बताया कि परीक्षा की सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। प्रशासन का प्रयास है कि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
