अधिक ठंड से स्वास्थ्य पर असर, जिला अस्पताल में जुटने लगी मरीजों की भीड़
महासमुंद। साल के आखरी महीने में तेज ठंड का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। दिनभर ठंड का अहसास और देर शाम से सुबह तक कंपा देने वाली ठंड जनजीवन पर असर डाल रहा है। लगातार गिरते न्यूनतम तापमान का असर लोगों के स्वास्थ्य पड़ रहा है। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से जिले स्वास्थ्य व उप स्वास्थ्य केन्द्रों के अलावा निजी चिकित्सालय व क्लीनिकों में सर्दी- जुकाम, दमा से पीड़ित मरीज व मौसमी बीमारी से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़ रही है।
बता दें कि इस बार नवंबर माह के पहले सप्ताह से ही जिले में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। इस बीच तापमान में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिला। नवंबर के आखिरी पखवाड़े से अब तक न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है। जिससे जनस्वास्थ्य पर इसका असर दिख रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों वायरल फीवर ,सर्दी- जुकाम और खांसी सहित दमा से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मरीज सुबह 10 बजे से ही जिला अस्पताल पहुँचकर कतार लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार अभी रोजाना करीब 700 मरीज इलाज कराने पहुँच रहे हैं। इनमें से अधिकांश मरीज सर्दी – जुकाम, खांसी व वायरल बुखार से पीड़ित हैं। चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों लगातार ठंड बढ़ने के कारण कमजोर इम्यूनिटी वाले और बच्चे ,बुजुर्गों में वायरल फीवर ,सर्दी- खांसी व अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में मरीजों को उचित देखरेख की जरूरत होती है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को। मरीजों को गर्म कपड़े पहनने ,घर का ताजा भोजन करने व गर्म पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
ठंड से बढ़ा गर्म कपडों का बाजार
बढ़ती ठंड के साथ गर्म कपड़ों का बाजार गर्म हो गया है। शहर के चौराहों और प्रमुख बाजारों में स्वेटर, जैकेट, कोट, टोपी, मफलर, शॉल और बच्चों के लिए खास विंटर वियर की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। सुबह से देर रात तक लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में ऊनी स्वेटर से लेकर आधुनिक डिजाइन की जैकेट और हुडी तक की भरपूर रेंज उपलब्ध है। बच्चों के लिए रंग-बिरंगे और आकर्षक डिजाइन वाले गर्म कपड़े, बुजुर्गों के लिए शॉल और ऊनी टोपी व महिलाएं फैशनेबल शॉल और स्टाइलिश स्वेटर की खरीदारी कर रही हैं। जबकि युवाओं में जैकेट और ट्रेंडी विंटर वियर का क्रेज देखने को मिल रहा है।
न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक
ग्रामीण इलाके, नदी, पहाड़ी इलाकों में शीतलहर चल रही है। देर शाम से सुबह तक अब न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँच रहा है। जबकि दिन में यह लगभग 22-24 डिग्री तक है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन – चार दिनों तक तापमान यूं ही बना रहेगा। बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
