भाजपा विधायक सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की पोल खोल रहे हैं: विनोद

भाजपा ने 2 साल के कार्यकाल में स्थापित किए भ्रष्टाचार के अनेक कीर्तिमान
महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की साय सरकार के 2 वर्ष के कार्यकाल में ही सरकार ने भ्रष्टाचार के अनेक कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं। विधानसभा शीतकालीन सत्र में भाजपा के विधायक अपने ही सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की परतें उधेड़ रहे हैं। विधानसभा सत्र में विधायक अजय चंद्राकर, विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक भाजपा विधायक सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार की पोल खोल रहे हैं। प्रदेश में विकास कार्य धरातल पर कहीं नजर नहीं आ रहा है, और सरकार के मंत्रियों ने चहेते ठेकेदारों को बिना कार्य पूर्ण हुए ही समस्त भुगतान कर दिए हैं। चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की साय सरकार ने 2 साल के कार्यकाल में प्रदेश में एक भी ऐसा विकास कार्य नहीं कराया है, जिसका उल्लेख किया जा सके। उल्टे, पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत विकास कार्यों में रोड़ा डालकर विकास बाधित किया है। चंद्राकर ने कहा कि सुशासन की ढोल पीटने वाली कथित डबल इंजन की सरकार में ना ही किसानों की सुध ली जा रही है और ना ही बेरोजगार युवाओं की। यहां तक महिला सशक्तिकरण के प्रयास भी शून्य हैं। 2023 की चुनाव में भाजपा ने सरकार बनने से पूर्व संकल्प लेकर जो वादे किए थे, वे केवल वादे ही बनकर रह गए हैं। इनमें से अधिकांश वादों पर अब तक अमल शुरू भी नहीं किया गया। जिसमें प्रमुख रूप से 2 साल के भीतर 1 लाख भर्ती करने का वादा था। बेरोजगार युवा भर्ती के इंतजार में आस लगाए बैठे हैं, लेकिन, सरकार के नेता, मंत्री, अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत भूमिहीन खेतिहर मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता, छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना के तहत युवाओं को 50 फीसदी सब्सिडी के साथ ब्याज मुक्त ऋण, छात्रों को कॉलेज आने-जाने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से मासिक ट्रेवल अलॉउंस, 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा मोदी की गारंटी के तहत भाजपा ने की थी। लेकिन, इन घोषणों पर अमल करना भाजपा भूल गई है।